सांसद विवेक ठाकुर ने ग्राम पंचायतों को नगर पंचायत में शामिल करने हेतु ,मुख्यमंत्री से किया आग्रह।

नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने ग्राम पंचायतों को नगर पंचायत में शामिल करने हेतु मुख्यमंत्री से किया आग्रह।
भाजपा नेता एवं नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने क्षेत्र के तीव्र शहरीकरण, बढ़ती जनसंख्या एवं आधारभूत सुविधाओं की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने नवादा लोकसभा क्षेत्र की कुछ प्रमुख ग्राम पंचायतों को नगर पंचायत में शामिल किए जाने की मांग की है।सांसद विवेक ठाकुर ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि वर्तमान में कई ग्राम पंचायतें शहरी स्वरूप ग्रहण कर चुकी हैं, जहां सड़कों, नालों, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, बाजार व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं स्वच्छता जैसी नगर निकाय स्तर की सुविधाओं की निरंतर आवश्यकता महसूस की जा रही है। ग्राम पंचायत की सीमित संरचना के कारण इन आवश्यकताओं की पूर्ति प्रभावी ढंग से संभव नहीं हो पा रही है।उन्होंने बताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों द्वारा भी लगातार यह मांग की जा रही है कि इन ग्राम पंचायतों को नगर पंचायत के अंतर्गत लाया जाए, ताकि क्षेत्र का संतुलित, योजनाबद्ध एवं सतत विकास सुनिश्चित किया जा सके।सांसद विवेक ठाकुर ने जिन ग्राम पंचायतों को नगर पंचायत में शामिल करने का अनुरोध किया है, उनमें प्रमुख रूप से— पकरीबरावां, अकबरपुर, नारदीगंज, कौआकोल, रोह एवं सिरदला ग्राम पंचायत शामिल हैं।सांसद ने विश्वास व्यक्त किया है कि राज्य सरकार द्वारा इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लिए जाने से क्षेत्रवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं प्राप्त होंगी तथा बिहार के शहरी विकास को नई गति मिलेगा।


